शुक्रवार, 12 मई 2017

761 . बिहार में शक्ति साधक राजा निमि द्वारा भगवती जगदम्बा की प्रार्थना।


                                    ७६१
बिहार में शक्ति साधक राजा निमि द्वारा भगवती जगदम्बा की प्रार्थना। 
मिथिला की शक्ति उपासना का परम्परा हजार , दो हजार , दस बीस हजार वर्ष की नहीं , अपितु वैदिक काल के चतुर्युग ( सत्य , त्रेता , द्वापर , कलि ) के आदि सत्य युग के प्रारम्भ की है। 
चक्रवर्ती महाराज इच्छवाकु के बारहवें पुत्र राजा निमि परम सुन्दर , गुणी , धर्मज्ञ , लोक - हितेषी , सत्य -वादी  , ज्ञानी , बुद्धिमान , प्रजा - पालन में तत्पर थे। राजा निमि ने विशेष दान युक्त अनेक यज्ञ किये। गौतम आश्रम के निकट एक पुर बसाया। स्मरण रहे , यह गौतम आश्रम आज भी मिथिलाञ्चल में ही है। 
                                एक बार राजा निमि की इच्छा हुई की जगदम्बा प्रीत्यर्थ एक विशेष यज्ञ करूँ।  ऋषि महात्माओं के निर्देशानुसार यज्ञ - सामग्री एकत्र की गई।  भृगु , अंगिरा , वामदेव , गौतम , वसिष्ठ , पुलत्स्य , ऋचिक , क्रतु आदि मुनियों को निमंत्रण दिया गया। अपने कुल गुरु श्रोवशिष्ठ जी से राजा निमि ने विनय - पूर्वक निवेदन किया - गुरुदेव , यज्ञ - विशेष की सभी व्यवस्था हो गयी है। कृपया आप इस यज्ञ में जगदम्बा का साङ्गोपाङ्ग पूजन - विधान संपन्न करें। 
                                    श्री वशिष्ठ जी ने कहा - महाराज , जगदम्बा के प्रीत्यर्थ देव राज इन्द्र भी एक यज्ञ कर रहे हैं।  उसके लिए वे मुझे आपसे पूर्व ही निमंत्रण दे चुके हैं।  अतः मैं पहले उनका यज्ञ करा आता हूँ।  तब आप मुझे निमंत्रण देंगे , तो मैं आकर आपका भी यज्ञ करा दूंगा। 
                                 यह सुनकर राजा निमि ने कहा - मुनिवर , यज्ञ को तो मैं सारी तैयारी करवा चूका हूँ।  अनेक मुनि भी एकत्र हो चुके हैं।  ऐसी दशा में यह कैसे स्थगित हो सकता है। आप हमारे वंश के गुरु हैं। अतः हमारे यज्ञ में आपको रहना ही चाहिए। 
  किन्तु वशिष्ठ जी ने राजा निमि के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया और इन्द्र का यज्ञ करने चले गए।  लाचार होकर राजा निमि गौतम को पुरोहित बनाकर यज्ञ करने लगे। कुछ दिनों के बाद वशिष्ठ जी उनके यहाँ आये। राजा निमि उस समय सो रहे थे। सेवकों ने उन्हें जगाना उचित नहीं समझा।  अतः राजा निमि वशिष्ठ जी दर्शनार्थ नहीं आ सके। मुनि वशिष्ठ ने इसे अपना अपमान समझा और उन्होंने क्रोध - भरे शब्दों में कहा - राजा निमि मुझ से रोके जाने पर भी आपने नहीं माना , दूसरे को पुरोहित बना आपने यज्ञ कर ही लिया और अब मेरे सम्मुख भी नहीं आते। अतः मैं आपको शाप देता हूँ कि आपका यह देह नष्ट हो जाय और आप विदेह हो जाएँ। 
शाप से घबराकर राजा के सेवकों ने राजा निमि को जगा दिया। राजा निमि भी शाप की बात सुनकर क्रुद्ध हो उठे और वशिष्ठ जी के सामने आकर कहा कि - आपने मुझे अकारण ही शाप दे दिया। कुल गुरु होकर भी आपने मेरे अनुरोध को नहीं माना और दूसरे का यज्ञ कराने चले गए।  लौटकर आने पर आपने यह भी विचार नहीं किया कि मैं निद्रित होने के कारण आपके दर्शनार्थ नहीं पहुँच सका और क्रोध में आकर अनुचित शाप दे बैठे। ब्राह्मणों को ऐसा क्रोध होना उचित नहीं है।  आपने मुझ निरपराध को शाप दिया है अतः मैं भी आपको शाप देता हूँ कि आपका यह क्रोध - युक्त देह नष्ट हो जाये। इस प्रकार राजा निमि और श्रीवशिष्ठ एक दूसरे के शाप से ट्रस्ट हो दुखी हो गए। 
                             वशिष्ठ जी अपने पिता ब्रह्मा की शरण में पहुंचे और सारी घटना का वर्णन करते हुए विनय की --- मेरा यह शरीर तो पतित होगा ही , अन्य शरीर धारण करने के लिए किनको पिता बनाऊं , जिससे देह मुझे पुनः प्राप्त हो और मेरा ज्ञान नष्ट न हो ?
             ब्रह्मा ने कहा - तुम मित्रा - वरुण के शरीर में प्रवेश कर स्थिर हो जाओ। वहां से तुम अयोनिज जन्म पाओगे , इसी देह के समान सब काम कर पाओगे और तुम्हारा यह ज्ञान भी नष्ट नहीं होगा। 
                     इधर राजा निमि का यज्ञ समाप्त नहीं हुआ था। शाप - वश उनके शरीर का पतन होने लगा। ऋत्विज ब्राह्मण राजा के किंचित श्वास - युक्त शरीर को चन्दनादि सुगन्धित वस्तु लेपन करते हुए मन्त्र - शक्ति से रोके रहे। यज्ञ समाप्ति होने पर देवताओं ने राजा से कहा - राजा निमि।  आपके यज्ञ से हम लोग बहुत प्रसन्न हैं , आप वर मांगें। देवता - मनुष्यादि जिस शरीर में आपको रूचि हो , वही शरीर हम आपको दे सकते हैं।  राजा निमि ने कहा - मैं इस शाप ग्रस्त देह में नहीं रहना चाहता। आप मुझे यह वर दें कि देह के न रहने पर भी मैं सदा बना रहूं। 
                               इस पर देवता बोले - आप जगदम्बा से प्रार्थना करें। वे इस यज्ञ से प्रसन्न हैं , अतः आपकी कामना अवश्य पूर्ण करेंगी। 
                    तब राजा निमि ने श्री जगदम्बा का ध्यान कर प्रार्थना की , जिस पर वे प्रकट हुई और बोली -- तुम्हारा अस्तित्व समस्त प्राणियों की पलक पर सदा बना रहेगा। तुम्हारे ही द्वारा प्रत्येक देहि पलक गिरा सकेगा। तुम्हारे निवास के कारण मनुष्य - पशु -पतंगादि भूत - गण स - निमिष कहलायेंगे और देवता अ - निमिष। 
                                उक्त वरदान के फल - स्वरुप राजा निमि की देह प्राण - शून्य हो गई। अराजकता के भय से वंश - रक्षा के निमित्त मुनियों ने अरणि ( अग्नि निकालने वाला काष्ट - यंत्र ) से मन्त्रों द्वारा उस देह का मन्थन किया , जिससे उस देह से एक पुत्र का जन्म हुआ। मन्थन द्वारा जनक ( पिता ) से उत्पन्न होने के कारण उसे मिथि और जनक नामों से पुकारा गया।  राजा निमि विदेह हो गए थे , अतः उनके वंशज भी विदेह कहलाये। इस प्रकार राजा निमि का उक्त पुत्र मिथि - जनक विदेह नामों से प्रसिद्ध हुआ।  इन्ही राजा मिथि द्वारा मिथिला नाम की पुरी स्थापित हुई और उसी पूरी के नाम पर मिथिला देश की प्रख्याति हुई। 

कोई टिप्पणी नहीं: